E-Ticket से कमाते थे करोड़ों, टेरर फाइनेंसिंग से जुड़े तार, NIA कर रही जांच – Indian railway e ticket racket terror financing rpf bengaluru dubai nia raw ib

  • जांच में जुटी आईबी, एनआईए, रॉ, ईडी और कर्नाटक पुलिस
  • मास्टर माइंड हामिद अशरफ 2016 में हुआ था गिरफ्तार

रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने ई-टिकट में दलालों के बड़े रैकेट का खुलासा किया है. आरपीएफ ने देश के कई शहरों में छापेमारी कर इस गोरखधंधे में शामिल 27 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके तार टेरर फाइनेंसिंग से जुड़ रहे हैं. बताया जाता है कि ई-टिकटिंग के धंधे से ये हर महीने 10 से 15 करोड़ रुपये कमा लेते थे, जिसे ये बिट कॉइन में बदल देते थे.

जानकारी के अनुसार पहली गिरफ्तारी 10 दिन पहले बेंगलुरु से गुलाम मुस्तफा नाम के शख्स की हुई थी. गुलाम मुस्तफा ई-टिकट बनाने और कन्फर्म करने वाले सॉफ्टवेयर बेचता था. गुलाम मुस्तफा के लैपटॉप की जांच करने पर इसके पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिडिल ईस्ट और नेपाल से लिंक का खुलासा हुआ. गुलाम मुस्तफा के टेरर लिंक की जांच आईबी, एनआईए, रॉ, ईडी और कर्नाटक पुलिस भी कर रही है.

हामिद अशरफ है रैकेट का मास्टरमाइंड

गुलाम मुस्तफा झारखंड के गिरिडीह का रहने वाला है. पहले वह रेलवे काउंटर पर टिकट ब्लैक करता था. बाद में वह ई-टिकट का सॉफ्टवेयर बेचने लगा. मुस्तफा इस रैकेट का मास्टरमाइंड हामिद अशरफ के संपर्क में आया और इस गोरखधंधे से जुड़ा. गैंग के मास्टरमाइंड हामिद अशरफ को सीबीआई ने साल 2016 में ई-टिकट के सॉफ्टवेयर बेचने के आरोप में गिरफ्तार भी किया था. बेल मिलने के बाद वह दुबई फरार हो गया. हामिद अशरफ साल 2019 में गोंडा के एक स्कूल में बम धमाके का भी आरोपी है.

पाकिस्तान के नंबरों से था संपर्क में

गुलाम मुस्तफा से पूछताछ के बाद देश भर में रेड करके इस रैकेट से जुड़े 27 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है. गुलाम मुस्तफा से आईबी, एनआईए की टीमें पूछताछ कर रही हैं. आरपीएफ के अनुसार गुलाम मुस्तफा पाकिस्तान के तबलीग-ए-जमात को फॉलो करता है. उसके लैपटॉप और मोबाइल फोन से पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और मिडिल ईस्ट के कई नंबर मिले हैं, जिनसे वह लगातार संपर्क में था.

आजतक के नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट और सभी खबरें. डाउनलोड करें

  • Aajtak Android App
  • Aajtak Android IOS




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here