नई दिल्ली: भारत (India) की ओर से अंतर अफगान सेरेमनी में विदेश मंत्री एस जयशंकर वर्चुअल मौजूद रहेंगे, जो आज से शुरू होगी. कार्यक्रम में भारत सरकार के पाकिस्तान, अफगानिस्तान और इरान(पीआईए) मामलों के संयुक्त सचिव जेपी सिंह खुद मौजूद रहेंगे.
30 देशों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
इस बातचीत में 30 देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. अफगानिस्तान ने इसमें इरान, पाकिस्तान और कई सेंट्रल एशियन देशों को भी आमंत्रित किया है. इस सेरेमनी के साथ ही अफगानिस्तान – तालीबान के बीच वार्ता की शुरूआत हो जाएगी. हालांकि तालीबान-अफगानिस्तान में आधिकारिक वार्ता की शुरुआत सोमवार से होगी.
अमेरिका-तालीबान समझौते के समय भी मौजूद था भारत
इस साल 29 फरवरी को अमेरिका-तालीबान के बीच दोहा में समझौता हुआ था, जिसमें कतर में भारत के प्रतिनिधि पी. कुमारन मौजूद रहे थे.
अफगानिस्तान का महत्वपूर्ण सहयोगी है भारत
भारत अफगानिस्तान में विकास कार्यों का महत्वपूर्ण सहयोगी है. भारत अफगानिस्तान में कई बड़े प्रोजेक्ट चला रहा है. जिसमें हेरात में बने भारत-अफगानिस्तान मैत्री डैम के साथ ही राजधानी काबुल में अफगानिस्तान की संसद भवन का निर्माण भी शामिल है.
दोहा पहुंचा अफगानिस्तान का प्रतिनिधिमण्डल
अफगानिस्तान का प्रतिनिधिमण्डल शुक्रवार को दोहा पहुंच गया. तालीबान-अफगानिस्तान के बीच वार्ता की अगुवाई अफगान सरकार की तरफ से डॉ अब्दुल्ला अब्दुल्ला करेंगे. उन्हें वार्ता के लिए नियुक्ति उच्चस्तरीय समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. इसमें अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री मोहम्मद हनीफ अत्मार, अफगान राष्ट्रपति की ओर से शांति मामलों के विशेष प्रतिनिधि अब्दुल सलाम रहीमी भी शामिल हैं.
LIVE TV

