भोपाल. मेडिकल की पढ़ाई अब अंग्रेजी ही नहीं बल्कि हिंदी में भी की जा सकेगी। हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को भोपाल में इसकी शुरुआत करेंगे।
सीएम शिवराज ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को देश में पहली बार हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई का भोपाल में शुभारंभ करेंगे। भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड पर एम.बी.बी.एस. प्रथम वर्ष की हिन्दी पुस्तकों का विमोचन होगा। यह हिन्दी के प्रति हीन-भावना और असमर्थता की धारणा बदलने तथा मातृ-भाषा को स्थापित करने का कार्यक्रम है। यह इस विचार को व्यवहार में लाने की दिशा में उठाया गया कदम है कि जीवन में हिन्दी माध्यम से भी आगे बढ़ा जा सकता है। हमारे लिए गर्व का विषय है कि इस क्रांति की शुरूआत मध्यप्रदेश से हो रही है।

