छतरपुर। छतरपुर कोतवाली पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का महज 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए कथित दुल्हन सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹80 हजार नकद, फर्जी आधार कार्ड, विवाह से जुड़े दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त वस्त्र बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को बस स्टैंड छतरपुर के पास रहने वाले एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला और उसके साथियों ने झूठी पहचान बताकर शादी का झांसा दिया। कागजी विवाह की प्रक्रिया पूरी कर आरोपी फरियादी से पैसे लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में पहचान छिपाने, आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरोह का खुलासा कर कथित दुल्हन रचना अनुरागी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजनारायण सिसोदिया, शंभू पटेल, बबलू उर्फ जयप्रकाश अहिरवार और कमलेश उर्फ भगत भी शामिल हैं।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आपसी षड्यंत्र के तहत पूरी योजना बनाई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी राजनारायण खुद को कथित दुल्हन का मामा बताकर फरियादी का विश्वास जीतता था और शादी कराने के नाम पर पैसों का सौदा तय करता था। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के सहारे शादी का नाटक कर रकम हड़प ली जाती थी।पुलिस ने आरोपियों से ₹80 हजार नकद, कथित दुल्हन का फर्जी आधार कार्ड, पंजीकृत न होने वाले विवाह संबंधी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह सहित कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
बाइट, रजत सकलेचा एसपी