रीवा के सिलपरा नहर में डूबकर हुई जुड़वा भाइयों के मौत के मामले में परिजनों का हंगामा, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की करी मांग

रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलपरा नहर में डूबकर हुई दो जुड़वा भाइयों की मौत के मामले में, अब परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतकों के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए, हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने, मेडिकल कॉलेज के सामने शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, और आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी लगने के बाद सीएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा, और मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।

रीवा के सिलपरा नहर में डूबकर दो जुड़वा भाइयों की मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है। उनका कहना है कि उन्हें मारकर नहर में फेंका गया है, क्योंकि जिस तरह से शरीर में निशान थे वो डूबने से नहीं हो सकते। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मेडिकल कॉलेज के सामने पहुंचे, और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरु कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही सीएसपी राजीव पाठक, बिछिया और अमहिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर, उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। सीएसपी की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद दोनों शवों को एक बार फिर मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। इस पूरे मामले पर सीएसपी राजीव पाठक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे और यदि हत्या के आरोप सिद्ध होते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here