ग्वालियर। ग्वालियर में एक किसान की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम गुर्जर के रूप में हुई है। बुधवार सुबह केदारपुर स्थित ग्राम पिपरोली के समीप पड़ोसी के खेत में उनका खून से सना शव मिला। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं।घटना की सूचना मिलने पर झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना है। बताया जा रहा है कि मृतक का मोबाइल फोन भी मौके से गायब है। वहीं, परिजनों ने हत्या के पीछे पैसों के लेनदेन को वजह बताया है, हालांकि लेनदेन किससे था और हत्या किसने की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों तथा आरोपी की पहचान करने में जुटी है।