छतरपुर। जिले में देवउठनी ग्यारस की रात आतिशबाजी के दौरान पटाखे फटने से चार अलग-अलग हादसों में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। हादसों में 10 और 11 वर्षीय बच्चों के चेहरे और आंखों में चोट आई, जबकि एक युवक और युवती के हाथ में पटाखा फटने से उनकी उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न वार्ड में उनका उपचार जारी है।पहला हादसा बजरंग नगर कॉलोनी में हुआ, जहां 11 वर्षीय यश दुबे के चेहरे के पास पटाखा फट गया। इससे उसकी आंख और चेहरे पर चोट आई। यश ने बताया कि हादसे के बाद उसे आंख से कम दिखाई दे रहा है।दूसरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सौरा रोड का है। यहां 10 वर्षीय अरशद खान अपनी दीदी और उनकी सहेलियों को पटाखे चलाते देख रहा था, तभी एक पटाखा उसके चेहरे के पास फट गया और वह घायल हो गया।तीसरा हादसा महाराजपुर में हुआ, जहां 20 वर्षीय मौली सोनी स्काई शॉट पटाखा चला रही थी। इसी दौरान पटाखा उसके हाथ में ही फट गया, जिससे उसकी उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।चौथा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की देरी रोड स्थित विद्यापुरम कॉलोनी का है। यहां 22 वर्षीय सचिन अहिरवार के हाथ में पटाखा फटने से उनकी उंगलियों और हाथ में गंभीर चोट आई।चार अलग-अलग हादसों ने आतिशबाजी के दौरान लापरवाही के खतरों को उजागर कर दिया है। खासकर बच्चों के आसपास पटाखे चलाने और हाथ में रखकर पटाखे जलाने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। ऐसे में आतिशबाजी करते समय सुरक्षा और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।


