रीवा में मंदिरों में दर्शन करने पहुंचने वाली महिलाओं के गले से, सोने की चेन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की 8 महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है, जिनमें 20 वर्ष से लेकर 40 वर्ष की महिलाएं शामिल है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की सोने की चेन, और वारदात में इस्तेमाल की जा रही करीब 10 लाख रुपये कीमत की आर्टिगा कार भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह उत्तर प्रदेश से आकर, मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
दरअसल, पूरा मामला रीवा के समान थाना क्षेत्र स्थित फूलमती माता मंदिर का है। 13 अक्टूबर को रतहरा निवासी 55 वर्षीय गीता देवी नवरात्रि के दौरान, माता के दर्शन करने मंदिर पहुंची थीं। दर्शन करने के बाद जब वह बाहर निकलीं, तो उनके गले से सोने की चेन गायब थी। इसके बाद उन्होंने समान थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आर्टिगा कार में सवार 8 महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फूलमती माता मंदिर में चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 90 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन और 10 लाख रुपये कीमत की आर्टिगा कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के मऊ और गोरखपुर जिले के निवासी हैं, इस गिरोह में 20 वर्ष से लेकर 40 वर्ष की महिलाएं शामिल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह ने, अन्य मंदिरों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है।
बाइट: आशीष मिश्रा, समान थाना प्रभारी


