शाजापुर अपनी लंबित मांगों को लेकर नाराज अतिथि शिक्षकों ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। अतिथि शिक्षकों ने शहर में स्वयं की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर मोहन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान राम नाम सत्य है, मोहन सरकार होश में आओ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। अतिथि शिक्षक सिर पर टोपी लगाए हुए थे और हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर विभिन्न मांगों को लेकर स्लोगन लिखे हुए थे अतिथि शिक्षकों ने बताया कि लंबे समय से हम अपनी मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन मोहन सरकार हमारी मांगों को अनसुना कर रही है। पूर्व में भी कई बार ज्ञापन और धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया इसी के विरोध में आज हम मजबूरन स्वयं की अर्थी निकालकर अपना विरोध जता रहे हैं अतिथि शिक्षकों का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


