ग्वालियर: ग्वालियर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर चल रहे विवाद के बीच, आज ग्वालियर-मुरैना सीमा पर निरावली में एक ‘अंबेडकर महापंचायत’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महापंचायत में मथुरा, आगरा, धौलपुर, मुरैना और ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दलित संगठन और भीम आर्मी के सदस्य जुटेंगे।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्वालियर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी कीमत पर भीम आर्मी और दलित संगठनों को शहर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, और उन्हें सीमा पर ही रोका जाएगा।जिला प्रशासन ने शहर में किसी भी प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं दी है।
एहतियातन, हाईकोर्ट, फूलबाग और अंबेडकर पार्क में पुलिस का कड़ा पहरा बिठाया गया है।सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए, शहर के 29 प्रमुख चौराहों और रास्तों पर कड़ा पहरा है। पुलिस बलवा ड्रिल, टियर गैस, वज्र वाहन और दमकल वाहनों के साथ पूरी तरह तैयार है। 1000 से अधिक पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे। शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।