छतरपुर के गढ़ीमहला थाना क्षेत्र के ऊजरा गांव से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार देर रात हुई भारी बारिश के चलते पानी से कमजोर हुई दीवार के भरभराकर गिरने से दो मंजिला मकान ढह गया। इस हादसे में दादी और उनकी पोती की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 साल के एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।,जानकारी के अनुसार ऊजरा गांव में सोमवार रात क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी। मकान के पीछे खेत और नाली का पानी लगातार बह रहा था। पानी के बहाव से मकान की नीचे की दीवार कमजोर हो गई और धंस गई, जिसके बाद पूरा दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। उस समय घर के अंदर दादी और पोती और एक 8 साल का बच्चा मौजूद थे।चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाना शुरू किया। मलबे में दबने से दादी और पोती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 साल के बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया,घटना की सूचना मिलते ही गढ़ीमलेहरा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच और पीड़ित परिवार को सहायता देने की बात कही जा रही है।

