हीना खान मौत मामला, न्यायिक जांच की मांग तेज, हत्या की आशंका

बालाघाट में 15 वर्षीय छात्रा हीना खान की संदिग्ध मौत का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में न्यायिक जांच की मांग तेज हो गई है और परिजन लगातार पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। मुस्लिम जमात और पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने भी निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है।

वहीं सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है, जिसमें छात्रा दो युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर जाती नजर आ रही है। ऐसे में परिजन इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला बता रहे हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

भरवेली पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 की रहने वाली हीना खान का शव 28 अप्रैल को नाले की रेलिंग से फांसी पर लटका मिला था। घटना के बाद से ही मामला संदेह के घेरे में है। परिजन और मुस्लिम जमात थाने पहुंचे और पुलिस जांच पर सवाल उठाए। इस बीच सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हीना को दो युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने इस घटना को आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताया है। परिजनों के साथ पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने भी न्यायिक जांच की मांग करते हुए पंचनामा प्रक्रिया पर सवाल उठाए और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की बात कही है।

– इधर पुलिस का कहना है कि हीना खान मौत मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की माने तो जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here