कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के नीचे जा घुसा। काफी देर तक चले रेस्क्यू के बाद रेलवे स्टाफ, जीआरपी और आरपीएफ की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटनाक्रम के चलते ट्रेन कुछ देर तक स्टेशन पर रुकी रही और यात्री भी परेशान होते रहे।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 01144 दानापुर-एलटीटी एक्सप्रेस कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक अचानक ट्रेन के नीचे जाकर छिप गया। जैसे ही वहां मौजूद रेलवे स्टाफ को इसकी जानकारी मिली, तुरंत रेलवे अधिकारियों, जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे स्टाफ ने युवक को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वह आसानी से बाहर नहीं आ रहा था। उसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान मौके पर लोगों और यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। कई यात्री घटना का वीडियो बनाते नजर आए।स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने बताया कि युवक सामान्य स्थिति में नहीं लग रहा था। काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के चलते ट्रेन लेट हो गई। बाद में युवक को पुलिस अपने साथ ले गई।


