‘Rent A Garba Partner’ के नाम पर डांडिया के साथ डेटिंग और फोटोशूट के ऑफर, हिंदू संगठनों ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

भोपाल। नवरात्रि से पहले सोशल मीडिया पर ‘Rent A Garba Partner’ का ट्रेंड चर्चा में है। भोपाल और इंदौर से जुड़े कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक हजार से लेकर 6 हजार 500 रुपये तक में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के ऑफर सामने आए हैं। इन पोस्ट में दो घंटे, पूरे दिन और तीन दिन तक साथ रहने के पैकेज बताए जा रहे हैं। कुछ पोस्ट में डांस सीखने, सेल्फी, फोटोशूट, इंस्टाग्राम रील बनाने और मैचिंग आउटफिट जैसी सुविधाओं का भी जिक्र है। वहीं, कुछ पोस्ट में गरबे के बाद माथे पर किस करने जैसे ऑफर भी बताए जा रहे हैं।सोशल मीडिया पर इन पोस्ट के वायरल होने के बाद मामला विवादों में आ गया है। हिंदू संगठनों ने इस ट्रेंड पर आपत्ति जताते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। संगठनों ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कराने, उन्हें बंद कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि इस तरह के ऑफर्स के जरिए हिंदू बेटियों को जाल में फंसाने की साजिश हो सकती है।वहीं, गरबा आयोजकों ने लोगों से सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऐसे ऑफर्स को लेकर सतर्क रहने और संभावित ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की अपील की है। भोजपाल गरबा महोत्सव के अध्यक्ष सुनील यादव का कहना है कि गरबा के लिए इस तरह पार्टनर उपलब्ध कराने के ट्रेंड को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।मामले में अब पुलिस की जांच पर नजर है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र चौहान के मुताबिक, संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स और पोस्ट की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से लोगों को सतर्क करने के लिए एडवाइजरी भी जारी की जा सकती है।फिलहाल सवाल यह है कि ‘Rent A Garba Partner’ के नाम पर चल रहे ये ऑफर्स सामान्य सोशल सर्विस हैं या इनके जरिए किसी तरह की धोखाधड़ी की आशंका है। इसकी वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here