l
गुना। मध्य प्रदेश के गुना शहर में सिंगवासा तालाब के पास एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। 33 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर नब्बू उर्फ नवनीत गोस्वामी की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात सामने आई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई। हालांकि, गुना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।दरअसल, पूरा मामला गुना के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगवासा तालाब की पार पर स्थित मंदिर के पीछे का है। पुलिस को 9 अक्टूबर 2026 की रात सूचना मिली थी कि तालाब के पास एक व्यक्ति की हत्या कर उसका शव छोड़ दिया गया है। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक युवक खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा मिला। उसके गले पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर घाव थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान नब्बू उर्फ नवनीत गोस्वामी, उम्र 33 वर्ष, निवासी हनुमंता मंदिर के पास पठार मोहल्ला, गुना के रूप में हुई। बताया गया कि नवनीत नानाखेड़ी स्थित एक वेयरहाउस पर हम्माली का काम करता था। वह पिछले एक दिन से घर से निकला हुआ था और वापस नहीं लौटा था। शुक्रवार शाम सिंगवासा तालाब के पास उसका शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और सीएसपी सैफा हाशमी के पर्यवेक्षण में विशेष टीमें गठित की गईं। कैंट थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ की, संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हेमू उर्फ हेमंत सोनी और उसके एक साथी की संलिप्तता के संदेह में अपराध क्रमांक 920/26, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं। मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों के उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमू उर्फ हेमंत पुत्र राजू सोनी, निवासी बूढ़े बालाजी, गुना और संजू साहू उर्फ संजू सैमसन पुत्र परमाल साहू, निवासी बूढ़े बालाजी, हरिपुर रोड, गुना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को वारदात के लगभग 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के घटनाक्रम, संभावित विवाद और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।इधर, मृतक की पत्नी ने भी इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का दावा है कि घटना वाली रात करीब साढ़े आठ बजे उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने कथित तौर पर उसे धमकी देते हुए बताया कि उसके पति को मार दिया गया है। इसके अलावा पत्नी ने खेजरा रोड पर रहने वाली एक महिला पर भी आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि नवनीत के उस महिला के साथ संबंध थे और महिला ने ही उसे फोन करके बुलाया था। पत्नी ने आशंका जताई है कि इसके बाद सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।वहीं, मृतक के भाई ने भी हत्या में चार से पांच लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। परिजनों की ओर से कुछ संदिग्धों के नाम भी पुलिस के सामने रखे गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।वही इस पूरे मामले पर गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि सिंगवासा तालाब के पास हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्यवाह की। और शव बरामद कर प्रकरण दर्ज किया गया और लगातार जांच के बाद दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ ओर जांच जारी है।इनका कहना है- सिंगवासा तालाब के पास हत्या हुई है। जिसमें पुलिस को कल रात को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को मारकर वहां छोड़ दिया है। पुलिस ने शव को बरामद कर एफआईआर पंजीबद्ध की। आरोपियों को ललितपुर उप्र से पकड़ लिया है। मृतक कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था।