कोरबा में कार की टक्कर से घायल महिला.
छत्तीसगढ़ के कोरबा में हुआ हादसा. तेज रफ्तार कार की चपेट में आई दूसरी महिला के पैर की हड्डी टूटी. स्थानीय लोगों ने कार चलाने वाले युवकों पर नशे में धुत होकर हादसे को अंजाम देने का लगाया आरोप.
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब सीएनएच कॉलोनी में रहने वाली चंद्रिका साहू और सुशीला उपलवार काली मंदिर से पैदल लौट रही थीं. उसी दौरान एमडी कॉलोनी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चंद्रिका साहू (35) की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं सुशीला उपलवार के पैर की हड्डी टूट गई. उन्हें स्थानीय लोगों ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई. मामले की जानकारी मिलते ही दीपका थाना प्रभारी हरिश्चंद्र टांडेकर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कार की खोजबीन शुरू कर दी है.
लोगों ने बताया कि रात के समय चंद्रिका साहू और सुशीला टहलने के लिए निकली थीं. उनके साथ बच्चे भी थे. सभी लोग काली मंदिर गेवरा से पैदल ही लौट रहे थे. दुर्घटना के ठीक पहले बच्चे तेजी से चलते हुए घर की ओर निकल गए, जबकि दोनों महिलाएं पीछे थी. इसी बीच अचानक एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी. लोगों ने बताया कि कार में तीन-चार युवक सवार थे और उसकी रफ्तार काफी तेज थी. कार में तेज आवाज में संगीत भी बज रहा था, साथ ही उसका सन-रूफ खुला हुआ था. दुर्घटना के बाद कार सवार भाग निकले.
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में अक्सर कुछ लोग तेज रफ्तार कार चलाते हुए आते हैं, जिसकी वजह से दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है. नशा करने के बाद ऐसे लोग कार में तेज आवाज में संगीत बजाते हुए सड़क पर ही मस्ती करते रहते हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन ऐसे लोगों पर नकेल नहीं कसता. यही वजह रही कि बीती रात दो महिलाओं के साथ दुर्घटना हो गई और एक को अपनी जान गंवानी पड़ी.

