ललितपुर।अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोशियेशन के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह तोमर एड. ने आज डीएम को शिकायती पत्र देकर सहारा इण्डिया परिवार द्वारा ललितपुर के गरीब निवेशकों का भुगतान न करने व अपनी संपत्ति बेचकर गरीब निवेशकों का पैसा हड़प करने से रोके जाने की मांग उठायी है। उन्होंने डीएम को पत्र के माध्यम से बताया कि ललितपुर बुन्देलखण्ड का अति पिछडा इलाका है, जहां अत्याधिक संख्या में गरीब मजदूर वर्ग व मध्यम वर्ग के लोग निवास करते है तथा ऐसे गरीब लोगों के द्वारा मजदूरी आदि करके सहारा इण्डिया परिवार में पाई-पाई जोड़कर निवेश किया। वर्तमान में सहारा इण्डिया द्वारा निवेशको की जमा अवधि पूर्ण होने के बावजूद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि निवेशकों के उक्त धनराशि से जनपद ललितपुर में पूर्व में सहारा परिवार द्वारा जमीने क्रय की गयी थी, जिन्हे वर्तमान में सहारा परिवार द्वारा विगत कुछ महीनो से विक्रय किया जा रहा है। जिसमें शहर के कुछ शातिर लोग एक सिन्डीकेट बनाकर सहारा की जमीनों को क्रय कर रहे है जिससे उन गरीब निवेशको के मन में अपना पैसा डूबने की आशंका पैदा हो रही है तथा सहारा परिवार द्वारा भुगतान न करने की वजह से कैंसर, टी.वी. जैसे घातक बीमारी के मरीज अपना इलाज नहीं कर पा रहे है। लोग अपनी बेटियो का विवाह नही कर पा रहे है, तथा ऐसे निवेशको को अपनी परिवारिक जिम्मेवारी निभाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जो मानवाधिकारों का हनन है। ऐसी परिस्थिति में एसोशियेशन अध्यक्ष अजय तोमर ने जिलाधिकारी से जनपद ललितपुर में स्थित जमीनो के क्रय विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाये जाने व उनके दाखिल खारिज न होने हेतु तहसीलदार व उप निबंधक को तत्काल आदेशित करने की मांग उठायी है।