छतरपुर में आज सनातन एकता रथ यात्रा का समापन, रेलवे ग्राउंड में लगेगा दिव्य दरबार; 20 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

छतरपुर। पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की पांच दिवसीय हिंदू सनातन एकता रथ यात्रा पांच जिलों का भ्रमण करने के बाद 15 अक्टूबर को जिला मुख्यालय स्थित महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन ग्राउंड पर विराम लेगी। यात्रा के समापन समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मौाके पर हवन-पूजन और भंडारे के साथ दिव्य दरबार आयोजित किया जाएगा। विगत 11 अक्टूबर से बागेश्वर धाम से शुरू हुई सनातन एकता रथ यात्रा ने बुंदेलखंड के पांच जिलों की 500 किमी का सफर तय किया। आयोजकों और पुलिस अनुमान के मुताबिक रथ यात्रा के समापन समारोह में करीब 20,000 लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस विशाल आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आयोजकों से लंबी चर्चा की और रेलवे ग्राउंड पर बनाए गए एग्जीबिशन स्थल का बारीकी से जायजा लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए समापन समारोह के दौरान सिविल ड्रेस में भी पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। साथ ही पुलिस प्रशासन ने जनता और श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है कि वे भक्ति में लीन रहने के साथ-साथ अपने कीमती सामान और जेबकतरों को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें। यात्रा में उमडऩे वाली भारी भीड़ का फायदा उठाने के लिए बाहर से शातिर चोरों और उचक्कों के सक्रिय होने की आशंका है। हाल ही में पुलिस ने लूट के एक ऐसे ही मामले में उत्तराखंड के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग थानों में मिली शिकायतों और प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here