I didn’t want to give the press the pleasure of seeing it: Trump on not wearing mask |कोरोना: बिना मास्क के फिर नजर आए डोनाल्ड ट्रंप, दिया यह अजीब तर्क

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) आदत से मजबूर हैं. एक बार फिर वह बिना मास्क के नजर आये और जब उनसे इसकी वजह पूछी गई, तो अजीब सा तर्क देकर चलते बने. ट्रंप गुरुवार को डेमोक्रेटिक गवर्नर के साथ फोर्ड मोटर (Ford Motor ) कंपनी के प्लांट का दौरा करने पहुंचे थे, लेकिन कोरोना प्रकोप (Coronavirus) के बावजूद उन्होंने मास्क लगाना जरुरी नहीं समझा. गौरतलब है कि फोर्ड के प्लांट को हाल ही में वेंटिलेटर और व्यक्तिगत सुरक्षात्मक उपकरण (PPE) बनाने के लिए खोला गया है. फोर्ड ने वायरस से प्रभावित आबादी के बारे में अफ्रीकी-अमेरिकी नेताओं से चर्चा की है. 

कोरोना संकट को देखते हुए फोर्ड ने सभी के लिए मास्क पहनने की नीति को लागू किया हुआ है. इसके बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप ने मास्क नहीं लगाया. जब स्थानीय मीडिया ने उनसे मास्क न पहनने की वजह पूछी, तो उनका जवाब था, ‘मैंने पहले पहना था, जब मैं पीछे के क्षेत्र में था तो मैंने मास्क पहना था. मैं नहीं चाहता कि प्रेस को मुझे मास्क में देखने का सौभाग्य प्राप्त हो’. 

जानकारी के मुताबिक, प्लांट के पिछले हिस्से में राष्ट्रपति ने मास्क पहन रखा था, लेकिन जैसे ही उनकी नजर मीडिया पर गई उन्होंने मास्क हटा दिया. गौर करने वाली बात यह है कि व्हाइट हाउस के दो कर्मचारी कोरोना की चपेट में हैं. सभी स्वास्थ्य विशेषज्ञ वायरस से बचाव के लिए मास्क जैसे जरुरी उपाय अपनाने की सलाह दे चुके है, इसके बावजूद भी ट्रंप स्थिति की गंभीरता को समझने को तैयार नहीं हैं.  राष्ट्रपति के साथ मौजूद फोर्ड के सभी अधिकारियों ने मास्क पहना हुआ था. जब पत्रकारों ने फोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष बिल फोर्ड (Bill Ford) से ट्रंप के मास्क नहीं पहनने के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, ‘यह उनके ऊपर है’.

राष्ट्रपति ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि मैं मास्क में ज्यादा बेहतर दिखता हूं. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोरोना संक्रमण का दूसरा चरण शुरू होता है, तो भी अमेरिका में लॉकडाउन जैसे उपाय फिर लागू नहीं किये जाएंगे. राष्ट्रपति ने सभी राज्यों से मौजूदा कड़े नियमों में ढील देने को कहा, ताकि अर्थव्यवस्था को गति मिल सके.    

 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here