छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लिटिल फ्लावर स्कूल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कक्षा आठवीं के छात्र के साथ कथित मारपीट कर उसका सिर फोड़ने का आरोप स्कूल संचालक राजेश दुबेदी पर लगा है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड स्थित स्कूल की बताई जा रही है।
पीड़ित छात्र अभय राज रावत का आरोप है कि वह बोर्ड परीक्षा का पेपर दे रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह बाथरूम गया, तभी स्कूल संचालक राजेश द्विवेदी ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद किए और पीछे से बाथरूम में पहुंचकर उसके बाल पकड़कर मारपीट की। मारपीट में छात्र के सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। आरोप है कि घटना के बाद संचालक मौके से भाग निकले।
स्कूल स्टाफ ने छात्र के पिता बालेंद्र कुमार रावत को सूचना दी कि उनका बेटा बाथरूम में गिर गया है, लेकिन छात्र ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। छात्र के पिता का कहना है कि वे पहले स्कूल में शिक्षक और मैनेजमेंट से जुड़े थे, लेकिन पिता गणेश प्रसाद रावत के निधन के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने स्कूल का काम छोड़ दिया। इसी बात को लेकर संचालक कई दिनों से दबाव बना रहे थे और छात्र को धमकी दी गई थी कि यदि उसके पिता स्कूल में दोबारा काम शुरू नहीं करते तो उसे बोर्ड परीक्षा में फेल कर दिया जाएगा।
पिता का आरोप है कि जब उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो संचालक के पुत्र उत्कर्ष द्विवेदी ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की।छात्र और उसके पिता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
बालेन्द्र रावत,पिता


