आचार्य रजनीश की जन्मस्थली कुचवाड़ा में पुरानी रंजिश बनी खूनी—गोली मारकर युवक की हत्या, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के उदयपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आचार्य रजनीश की जन्मस्थली ग्राम कुचवाड़ा में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। गांव में हुए इस सनसनीखेज वारदात में संतोष रघुवंशी ने रविन्द्र रघुवंशी को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने खेत में रविन्द्र को देखते ही उस पर फायर कर दिया। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल रविन्द्र को परिजन तत्काल बरेली सिविल अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।सूत्रों के अनुसार, आरोपी के परिवार के करीब आठ सदस्य दो साल पहले हुए डबल मर्डर केस में अभी भी जेल में बंद हैं। माना जा रहा है कि उसी रंजिश की आग में यह वारदात अंजाम दी गई है।

आरोपी की छवि भी आपराधिक प्रवृत्ति की बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी कुँअर सिंह मुकाती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली।फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ विदिशा मेडिकल कॉलेज से फॉरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है। बरेली और उदयपुरा पुलिस अस्पताल और गांव दोनों जगह तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है, लोग सहमे हुए हैं और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here