In Pakistan situations like ‘civil war’, army chief ordered inquiry on kidnapping of Sindh police chief | PAK: सेना ने सिंध पुलिस चीफ को किया अगवा, पुलिस ने की बगावत, ‘सिविल वॉर’ की आहट

नई दिल्‍ली: पाकिस्‍तान में सेना और पुलिस के बीच ठन गई है. आरोप लगे हैं पाकिस्‍तानी सैनिकों ने सिंध के पुलिस प्रमुख का अपहरण कर लिया, जिसके चलते सेना प्रमुख को मामले की जांच के आदेश देने पड़े हैं. हालांकि ये आदेश उन्‍होंने पाकिस्‍तान में फैले भारी तनाव के कारण दबाव में आकर दिए हैं. 

खबरों के मुताबिक, कथित तौर पर सिंध पुलिस प्रमुख का अपहरण कर उन्‍हें पीएमएल (एन) की उपाध्‍यक्ष मरयम नवाज शरीफ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मजबूर किया गया. उसके बाद कराची में पुलिस अधिकारियों ने पुलिस चीफ के समर्थन में सामूहिक अवकाश पर जाने की धमकी दी है. 

ये भी पढ़ें: मरियम को ‘नानी’ बोलकर फंस गए इमरान खान?

पाकिस्‍तान में गृह युद्ध जैसे हालात
इस्लामाबाद के सूत्रों ने बताया है कि विपक्षी दलों, पुलिस और सेना (Pakistan army ) के बीच चल रही तनातनी के साथ पाकिस्तान में तेजी से गृह युद्ध (civil war) जैसी स्थिति बन रही है. सिंध पुलिस ने सोमवार को मरयम नवाज शरीफ के पति और पूर्व प्रधान मंत्री नवाज शरीफ के दामाद सफदर अवान को कराची के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया था. बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था.

यह गिरफ्तारी पीपुल्‍स डेमोक्रेटिक मूवमेंट (PDM) की एक विशाल रैली में पीएमएल (एन) की उपाध्यक्ष मरयम द्वारा इमरान खान सरकार की आलोचना करने के कुछ देर बाद ही हुई थी. पीडीएम हाल ही में बना गठबंधन है, जिसमें 11 विपक्षी राजनीतिक दल शामिल हैं और वे पाकिस्‍तानी सेना समर्थित इमरान खान सरकार को चुनौती देने के लिए साथ आए हैं. 

बाजवा ने दिए गिरफ्तारी की जांच के आदेश 
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरपर्सन बिलावल भुट्टो-जरदारी ने एक ट्वीट में इस घटना के बारे में सेना और आईएसआई पर आरोप लगाए थे. इसके बाद पाकिस्तान सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने सफदर अवान की गिरफ्तारी की जांच के आदेश दिए.

पाकिस्तानी मीडिया ने बिलावल के हवाले से कहा है कि सफदर की गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले सिंध के पुलिस प्रमुख का पाकिस्तानी सेना और उसकी खुफिया विंग ने अपहरण कर लिया था. इतना ही नहीं बिलावल ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सिंध पुलिस पर सफदर के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दबाव डाला था.

वहीं डॉन न्‍यूजपेपर ने बताया कि पीएमएल (एन) नेता और सिंध के पूर्व गवर्नर मुहम्मद जुबैर का एक कथित वॉइस मैसेज एक पत्रकार ने साझा किया है. इसमें जुबैर आरोप लगा रहे हैं कि सिंध के पुलिस महानिरीक्षक मुश्ताक महार का अपहरण कर लिया गया था और उन्‍हें मरयम, उनके पति समेत 200 अन्‍य लोगों के खिलाफ कायदे आजम मोदम्‍मद अली जिन्‍ना की कब्र की पवित्रता का उल्‍लंघन करने के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए मजबूर किया गया था. 

इस बीच बुधवार (21 अक्टूबर) को पाकिस्तान के कराची में चार मंजिला इमारत में बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए. गौरतलब है कि यह विस्‍फोट गुलशन-ए-इकबाल में कराची विश्वविद्यालय मस्कन गेट के सामने की इमारत में हुआ था. 

 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here