शाजापुर में बीच चौराहे पर युवती ने युवक से लगवाई उठक-बैठक, वीडियो वायरल

शाजापुर के टंकी चौराहा पर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक विचित्र घटना देखने को मिली, जहाँ एक युवती ने एक युवक को कान पकड़वाकर बीच चौराहे पर उठक-बैठक लगवा दी। इस दृश्य को देखकर राहगीर और व्यापारी हैरान रह गए, और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के दौरान, युवती ने अपनी एक्टिवा चौराहे पर रोकी और युवक से गाड़ी से उतरने को कहा। दोनों के बीच तेज बहस हुई। चौराहे पर मौजूद यातायात पुलिस के जवान के कहने पर भी युवती ने सड़क से हटने से इनकार कर दिया और युवक से उठक-बैठक लगवाने लगी।लोगों को पहले लगा कि शायद युवक ने युवती को परेशान किया होगा, लेकिन थोड़ी देर बाद युवक ने एक्टिवा सवार युवती का माथा चूमा और उसी की एक्टिवा पर बैठकर वहाँ से चला गया। इस पूरे घटनाक्रम को लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रहे हैं, तो कुछ इसे युवती की दबंगई का उदाहरण मान रहे हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच क्या संबंध है और उठक-बैठक लगवाने की असली वजह क्या थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here