आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में होने वाले हवन-अनुष्ठान भी रविवार को नलखेड़ा नगर बंद के समर्थन में बंद रहेंगे। मंदिर परिसर और बाहर हवन-पूजन में सेवाएं देने वाले पंडितों और आचार्यों ने भी 27 सितंबर से अनुष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है।
आगर मालवा के नलखेड़ा में आठ भक्तों की मौत के बाद अब आंदोलन तेज होता जा रहा है। जिम्मेदारों पर कार्रवाई और मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर मां बगलामुखी भक्त मंडल का धरना जारी है। वहीं, रविवार से अनिश्चितकाल के लिए नलखेड़ा नगर बंद को सफल बनाने के लिए नलखेड़ा के प्रमुख व्यापारी और नगरवासी खुद सड़कों पर उतर आए हैं। व्यापारी नगर में घूम-घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील कर रहे हैं और बंद को समर्थन देने का आह्वान कर रहे हैं।
भक्त मंडल ने 27 सितंबर रविवार से नलखेड़ा में अनिश्चितकालीन नगर बंद का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार किया जाए। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को नगर बंद से मुक्त रखा गया है।

