वॉशिंगटन: रिश्तों में मजबूती की दिशा में एक कदम और बढ़ाते हुए भारत और अमेरिका (India and America) आंतरिक सुरक्षा संवाद (Internal Security Dialogue) फिर से शुरू करने को राजी हो गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने इसकी घोषणा की है. डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के कार्यकाल में इस संवाद को बंद कर दिया गया था. बाइडेन ने सत्ता संभालने के साथ ही यह स्पष्ट कर दिया है कि वह भारत के साथ रिश्ते बेहतर बनाने पर केंद्रित रहेंगे. इसलिए वह लगातार ट्रंप के उन फैसलों को पलट रहे हैं, जो कहीं न कहीं भारत को प्रभावित करते हैं.
इन मुद्दों पर होगा Discussion
आंतरिक सुरक्षा संवाद के दौरान, भारत और अमेरिका साइबर सिक्योरिटी और बढ़ते आतंकवाद सहित कई आतंरिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. दोनों देश एक-दूसरे के सहयोग से आतंरिक सुरक्षा को लेकर व्यापक हल निकालने की भी कोशिश करेंगे. बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा (Barack Obama) के कार्यकाल के दौरान शुरू हुए इस संवाद को डोनाल्ड ट्रंप ने बंद करवा दिया था.
ये भी पढ़ें -ऑस्ट्रेलिया: संसद में अश्लील हरकत का वीडियो लीक, सरकार पर उठे सवाल
Meeting में बनी सहमति
जो बाइडेन की इस घोषणा से एक दिन पहले अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा मंत्री अलेजांद्रो मयोरकस ने अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) से मुलाकात की थी. इस दौरान अलेजांद्रो ने भारत तथा उनके विभाग के बीच साझेदारी को मजबूत करने की इच्छा जताई थी. मंगलवार को बैठक के बारे में जानकारी देते हुए अमेरिका की तरफ से बताया गया कि मयोरकस और संधू अमेरिका-भारत आंतरिक सुरक्षा संवाद को दोबारा शुरू करने और साइबर सुरक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सहमत हुए हैं. दोनों देश हिंसक चरमपंथ पर काबू पाने के लिए भी काम करेंगे.
QUAD पर भी हुई बात
जानकारों का कहना है कि मंत्रालय के लिए किसी विदेशी राजदूत के साथ मंत्री की बैठक का ब्यौरा जारी करना आम बात नहीं है. ऐसे मामले कम ही देखने को मिलते हैं. मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि मयोरकस और संधू ने बाइडेन प्रशासन में हो रहीं QUAD सहित सभी सकारात्मक भागीदारियों पर जोर दिया. उन्होंने छात्रों और उद्यमियों के अहम योगदान को भी स्वीकार किया, जिसने दोनों देशों को मजबूत बनाया है.
2011 में हुई थी शुरुआत
जानकारी के अनुसार, यह आंतरिक सुरक्षा संवाद सबसे पहले मई 2011 में बराक ओबामा प्रशासन में शुरू हुआ था. इसके बाद अमेरिकी आंतरिक सुरक्षा मंत्री जेनेट नैपोलितानो अपने तत्कालीन भारतीय समकक्ष पी. चिदंबरम से बात करने के लिए भारत गई थीं. जबकि दूसरा भारत-अमेरिका आंतरिक सुरक्षा संवाद 2013 में वॉशिंगटन डीसी में हुआ था.

