India overtook Brazil in terms of recovery of COVID-19 patients|COVID -19 मरीजों के ठीक होने के मामले में ब्राजील से आगे निकला भारत

दिल्ली: भारत ने कोविड-19 रोगियों के ठीक होने की संख्या के मामले में सोमवार को ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है. देश में अब तक 37,80,107 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं. जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के आकड़ों में यह जानकारी दी गई है.

आंकड़ों के अनुसार दुनिया भर में अब तक कुल 2,90,06,033 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 1,96,25,959 लोग ठीक हो चुके हैं. दुनियाभर में कोविड-19 से अब तक 9,24,105 लोगों की मौत हो चुकी है.

दुनियाभर के कोविड-19 के आंकड़ों का संकलन कर रहे जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय की तालिका के अनुसार भारत में 37,80,107 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं और वह पहले पायदान पर है. दूसरे स्थान पर ब्राजील (37,23,206) और तीसरे पर अमेरिका (24,51,406) है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में संक्रमण से मुक्त होने की दर 78 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो दर्शाता है कि भारत में संक्रमित तेजी से ठीक हो रहे हैं.

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘बीते 24 घंटे के दौरान 77,512 लोग ठीक हुए हैं. अब तक कुल 37,80,107 लोग ठीक हो चुके हैं. ठीक हो चुके लोगों और संक्रमितों के बीच अंतराल लगातार बढ़ रहा है. आज यह 28 लाख (27,93,509) के करीब पहुंच गया है.’

मंत्रालय ने कहा कि देश में जितने लोग संक्रमण से उबरे हैं, उनमें लगभग 60 प्रतिशत लोग महाराष्ट्र , कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु से हैं.

भारत में अब भी 9,86,598 लोग वायरस से संक्रमित हैं. देश में 48,46,427 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके है.

(इनपुट- एजेंसी भाषा)




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here