इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राज नगर निवासी कमल कुमावत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कमल कुमावत अपने मकान में अकेले रहते थे। जब आसपास के लोगों को काफी देर तक उनकी कोई गतिविधि नजर नहीं आई तो उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका जता रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में चोरी की नीयत से वारदात को अंजाम दिए जाने की संभावना भी सामने आ रही है। हालांकि अधिकारियो का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से अकेले रह रहे थे। ऐसे में इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल चंदन नगर थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – राजेश दंडोतिया , एडिशनल डीसीपी , इंदौर