छतरपुर के कोतवाली थाना पुलिस ने बसों में यात्रियों के बैग से चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में यात्रियों के बैग से चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले में पीड़िता नीलम वर्मा निवासी भोपाल की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। आरोपी बसों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर उनके बैग से कीमती सामान चोरी करते थे।गिरफ्तार आरोपियों में इकबाल अली, इमरान उर्फ इसराइल, अमजद उर्फ आजाद, शाहबुद्दीन और शबनम उर्फ जाहिदा बेगम शामिल हैं, जो मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के निवासी हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड अबरार हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चूड़ियां, झुमके, चेन सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है।पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य लंबे समय से बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार मास्टरमाइंड की तलाश के लिए टीम सक्रिय है।


