नई दिल्ली: कोविड-19 (COVID-19) के कारण जब आधी से ज्यादा दुनिया लॉकडाउन (Lockdown) में है और बमुश्किल ही जरूरी चीजों की आपूर्ति हो रही है, ऐसे में खाद्य वितरण सेवाओं को लेकर एक चिंताजनक सूचना सामने आई है. ये जानकारी अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन ने दी है, जिसे आमतौर पर इंटरपोल के रूप में जाना जाता है.
इंटरपोल ने हाल ही में एक सूचना को लेकर दावा किया है कि दुनिया भर में खाद्य वितरण सेवाओं का उपयोग ड्रग्स के परिवहन के लिए किया जा रहा है.
लॉकडाउन के चलते वितरण सेवाओं की मांग में खासी वृद्धि देखी है, क्योंकि लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं.
पिज्जा के बॉक्स से निकली ड्रग्स
INTERPOL ने यह दावा आयरलैंड, मलेशिया, स्पेन और ब्रिटेन में पुलिस बलों से मिली रिपोर्ट के बाद किया है, जहां कई डिलीवरी एजेंटों ने कोकीन, मारिजुआना, और केटामाइन जैसे ड्रग्स के परिवहन की कोशिश की.
पिछले महीने ही, स्पेनिश नेशनल पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया था जो एलिकांटे और वालेंसिया में फूड डिलीवरी ड्राइवरों के रूप में काम कर रहे थे. लेकिन साथ ही कोकीन और मारिजुआना देने के लिए वे अपनी फूड डिलीवरी मोटरसाइकिल और कारों का उपयोग कर रहे थे. इनमें से कई ने ये ड्रग्स डिलीवरी बैकपैक में छिपाई हुई थीं.
इंटरपोल ने कहा कि आयरलैंड ने हाल ही में पिज्जा के बक्सों में से 8 किलोग्राम से अधिक कोकीन बरामद की है.
हालांकि एजेंसी ने यह भी कहा कि यह संभव है कि डिलेवरी पार्टनर्स इन कंसाइन्मेंट्स को लेकर अनजान हों या वो इस मामले में भागीदार हो.
रॉयटर्स के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में लैटिन अमेरिकी ड्रग कार्टेल्स ने भी कोकीन के शिपमेंट को यूरोप भेजा है.

