- आईटीसी के शेयर में 4 फीसदी से अधिक की तेजी रही
- इस बीच, एयरटेल के शेयर में 4 फीसदी की गिरावट आई
वैसे तो सप्ताह का पहला दिन सोमवार को होता है लेकिन इस बार भारतीय शेयर बाजार के लिए पहला दिन मंगलवार है. दरअसल, ईद पर्व का अवकाश होने के कारण सोमवार को घरेलू शेयर बाजार, कमोडिटी वायदा बाजार और मुद्रा बाजार में कारोबार नहीं हुआ. ऐसे में इस हफ्ते मंगलवार को पहली बार शेयर बाजार खुला.
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 350 अंक से अधिक बढ़त के साथ 31 हजार अंक के पार कारोबार कर रहा था. हालांकि, कुछ देर बाद इस रिकवरी में गिरावट आई और सेंसेक्स एक बार फिर 31 हजार अंक के नीचे आ गया. इसी तरह, निफ्टी 100 अंक से अधिक मजबूत होकर 9200 अंक के करीब था. आपको बता दें कि शुक्रवार को सेंसेक्स 260.31 अंकों यानी 0.84 फीसदी की गिरावट के साथ 30,672.59 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 67 अंकों यानी 0.74 फीसदी की गिरावट के साथ 9,039.25 अंक पर रहा.
आईटीसी में 4 फीसदी की तेजी
शुरुआती कारोबार में आईटीसी के शेयर में 4 फीसदी से अधिक की तेजी रही और बीएसई इंडेक्स के 30 शेयरों में टॉप पर कारोबार कर रहा था. आपको बता दें कि देश की दिग्गज एफएमसीजी कंपनी आईटीसी लिमिटेड एक प्रमुख मसाला कंपनी सनराइज फूड्स को खरीदने जा रही है.
ये पढ़ें-लॉकडाउन के बीच शॉपिंग पर निकलीं कंपनियां, सनराइज फूड्स को खरीदेगी ITC
यह सौदा करीब 2,000 करोड़ रुपये का हो सकता है. एफएमसीजी, टोबैको सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी आईटीसी लिमिटेड ने रविवार को कहा कि वह मसाले बनाने वाली कंपनी सनराइज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (एसएफपीएल) का अधिग्रहण करेगी.
एयरटेल को 4 फीसदी का नुकसान
इस बीच, एयरटेल के शेयर में 4 फीसदी की गिरावट आई. दरअसल, ऐसी खबरें हैं कि भारती टेलीकॉम एक सेकेंडरी मार्केट ब्लॉक डील के जरिए भारती एयरटेल में अपने एक अरब डॉलर के शेयर बेचने जा रही है. भारती टेलीकॉम, दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल की होल्डिंग कंपनी है. भारती एयरटेल में भारती टेलीकॉम की 38.79 फीसदी हिस्सेदारी है, जो ब्लॉक डील के बाद 2.75 फीसदी तक घट जाएगी.एक्सचेंज डेटा के अनुसार प्रमोटर की कुल हिस्सेदारी 58.98 फीसदी है.


