वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव (US Presidental Election) की वोटों की गिनती खत्म हो गई है और नतीजे सामने आ गए हैं. शुक्रवार को तीन राज्यों के नतीजे घोषित किए गए, जिसमें जो बाइडेन (Joe Biden) ने एरिजोना और जॉर्जिया प्रांत में जीत हासिल की है, जबकि डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को नॉर्थ कैरोलिना में जीत मिली है.
बाइडेन-डोनाल्ड ट्रंप को मिले कितने वोट
वोटों की गिनती खत्म होने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडेन (Joe Biden) को कुल 306 इलेक्टोरल वोट मिले हैं, जबकि रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को 232 इलेक्टोरल वोट हासिल हुए हैं. बता दें कि साल 2016 में हुए चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप को 306 वोट पाकर राष्ट्रपति बने थे, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को 232 वोट मिले थे.
LIVE टीवी
28 साल बाद डेमोक्रेट को मिली जॉर्जिया में जीत
जॉर्जिया राज्य में 28 साल बाद किसी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार को जीत मिली है. इससे पहले बिल क्लिंटन ने साल 1992 में जॉर्जिया में जीत हासिल हुई की थी. न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार जो बाइडेन को जॉर्जिया में सिर्फ 14 हजार वोटों से जीत मिली है.
20 जनवरी को लेंगे राष्ट्रपति पद की शपथ
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में 306 वोट पाने के बाद जो बाइडेन 20 जनवरी 2021 को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे और अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बने हैं. जो बाइडेन अमेरिकी इतिहास में सबसे अधिक उम्र में राष्ट्रपति बनने वाले पहले व्यक्ति हैं.
ट्रंप ने लगाया चुनाव में धांधली का आरोप
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है. हालांकि उन्होंने कोई सबूत पेश नहीं किया है. उन्होंने कहा है, ‘अगर मेरे लीगल वोट गिनें तो मैं आसानी से जीत जाऊंगा. मैं पहले ही कई अहम राज्य जीत चुका हूं. शक्तिशाली मीडिया, पैसे और तकनीकी के दम पर चुनावों में हुए ऐतिहासिक हस्तक्षेप के बावजूद हम ऐतिहासिक वोटों से जीते हैं.’

