वॉशिंगटन: अमेरिका (America) के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने ‘अमेरिका इज बैक’ का नारा दिया है. बाइडेन ने कहा कि हमारी कोशिश अमेरिका को डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के शासन से पूर्व की स्थिति में लाने की होगी, जहां नफरत के लिए कोई स्थान नहीं था. अमेरिका लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुसार काम करेगा और हमारा ध्यान सिर्फ और सिर्फ देश के विकास पर केंद्रित होगा.
बिल्कुल अलग होगा
डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने सत्ता में आते वक्त ‘अमेरिका फर्स्ट’ का नारा दिया था, लेकिन जो बाइडेन (Joe Biden) ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं कि उनका राज ट्रंप की नीतियों से बिल्कुल अलग होगा. अपनी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के बारे में बताते हुए डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति ने संकेत दिए कि 20 जनवरी के बाद अमेरिका (America) में बहुत बदलने वाला है.
Bank Strike: इस वजह से 26 तारीख को होगी बैंकों में हड़ताल, आज ही निपटा लें सभी जरूरी काम
फिर से करेंगे नेतृत्व
अपनी टीम के बारे में बोलते हुए बाइडेन ने कहा, ‘ये एक ऐसी टीम है जो हमारे देश और हमारे लोगों को सुरक्षित रखेगी. यह टीम दर्शाती है कि अमेरिका फिर से दुनिया का नेतृत्व करने के लिए वापस आ गया है. जैक सुल्लिवन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भूमिका में बेहतरीन काम करेंगे. उन्हें कठिन स्थितियों में बेहतरीन परिणाम देना आता है. बता दें कि 43 वर्षीय जैक अमेरिका के सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बने हैं.
VIDEO
अनुभव काम आएगा
बाइडेन ने आगे कहा कि सुल्लिवन मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाने में भी हमारी मदद करेंगे. मिनेसोटा के एक मध्यम वर्गीय परिवार में जन्म लेने वाले सुल्लिवन उनकी परेशानियों से अच्छे से वाकिफ हैं और उनका अनुभव अमेरिका के काम आएगा. उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रपति चुनाव के दौरान जैक सुल्लिवन ने एक बेहतरीन सलाहकार की भूमिका निभाई. वह मेरे इस विजन को समझते हैं कि आर्थिक सुरक्षा ही राष्ट्रीय सुरक्षा है’. विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि वे अमेरिका के हितों को बेहतर ढंग से समझते हैं. इसलिए मुझे पूरी उम्मीद है कि ब्लिंकेन बेहतरीन काम करेंगे.
पेरिस समझौते पर होगी बात
वहीं, पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी, जिन्हें जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर विशेष दूत नियुक्त किया गया है, ने कहा कि अमेरिका पेरिस जलवायु समझौते पर पुन: बातचीत करेगा जिससे ट्रंप प्रशासन ने 2015 में पीछे हटने का फैसला लिया था. इस मौके पर एंटनी ब्लिंकेन ने दुनिया के सभी देशों से समर्थन का आह्वान करते हुए कहा कि अमेरिका वैश्विक समस्याओं को अकेला हल नहीं कर सकता. मालूम हो कि नए राष्ट्रपति की टीम में एलेजांद्रो मयोरकास (Alejandro Mayorkas) को सेक्रेटरी ऑफ होमलैंड सिक्यॉरिटी का पदभार सौंपा गया है. वह ओबामा-बाइडेन कार्यकाल में होमलैंड सिक्यॉरिटी के डिप्टी सेक्रटरी का पद संभाल चुके हैं. वहीं, CIA की पूर्व डिप्टी डायरेक्टर ऐवरिल हैन्स (Avril Haines) को नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक का पद दिया गया है. जबकि लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगी. लिंडा ने बाइडेन के नारे को दोहराते हुए कहा, ‘मैं आपसे कहना चाहती हूं: अमेरिका वापस आ गया है. बहुपक्षवाद वापस आ गया है, कूटनीति वापस आ गई है’.
इन पर होगा जोर
बाइडेन ने बताया कि हमारी टीम राष्ट्रीय सुरक्षा, कोरोना महामारी और वैक्सीन वितरण योजना पर ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत कर रही है. उन्होंने कहा कि जिन छह महिलाओं और पुरुषों को उन्होंने अपने प्रमुख राजनयिक और खुफिया सलाहकारों के रूप में चुना है, वे ट्रंप की चार वर्षीय नीति के इतर बहुपक्षवाद, वैश्विक सहयोग और जलवायु परिवर्तन से निपटने पर जोर देंगे. हमारा प्रयास अमेरिका को ट्रंप शासन से पूर्व की स्थिति में लेकर आना है.

