इंदौर: मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी विधानसभा क्षेत्र-1 की महिला कार्यकर्ताओं के साथ पारंपरिक तरीके से रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस कार्यक्रम में उनके पुत्र और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी उपस्थित थे।इस अवसर पर महिला कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयवर्गीय को राखी बांधी। विजयवर्गीय ने अपने पुत्र आकाश के साथ मिलकर भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित कई भावुक गीत भी गाए, जिससे माहौल काफी आत्मीय हो गया।
इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय ने एक बार फिर बच्चों में संस्कारों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चियां ‘लव जिहाद’ के जिहादियों के बहकावे में आ रही हैं। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को ऐसे पारंपरिक संस्कार दें, ताकि वे किसी भी विधर्मी के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते को ही मजबूत नहीं करते, बल्कि ये हमें हमारे सांस्कृतिक मूल्यों की भी याद दिलाते हैं।इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।


