खरगोन, मध्य प्रदेश: खरगोन जिले में नागपंचमी के पर्व पर नागलवाड़ी भीलट देव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक अनियंत्रित पिकअप वाहन पलटने से 14 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
यह घटना खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र के सेगांव के पास तीरी फाटे पर हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में 20 ग्रामीण सवार थे, जो नागलवाड़ी से दर्शन कर पानवाड़ा गांव लौट रहे थे। घायलों में अधिकांश बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


