देश के चर्चित कवि और वक्ता कुमार विश्वास ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नई गाइडलाइंस का खुलकर विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तीखा और भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए इन नए दिशा-निर्देशों पर सवाल खड़े किए हैं।कुमार विश्वास ने अपने पोस्ट में लिखा, “मैं अभागा सवर्ण हूं। मेरा रौंया-रौंया उखाड़ लो राजा।” उनके इस बयान को UGC की गाइडलाइंस के खिलाफ गहरे असंतोष के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए नियम समाज में विभाजन को बढ़ावा देने वाले हैं और शिक्षा व्यवस्था के मूल उद्देश्य से भटकाते हैं।
कुमार विश्वास का कहना है कि शिक्षा नीति का उद्देश्य समान अवसर और समरसता होना चाहिए, न कि किसी वर्ग विशेष को निशाना बनाना। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में मांग की कि UGC को इन नए दिशा-निर्देशों पर पुनर्विचार करते हुए उन्हें तत्काल वापस लेना चाहिए।उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कई लोग उनके समर्थन में सामने आए हैं, जबकि कुछ वर्गों ने उनके बयान पर आपत्ति भी जताई है। फिलहाल यह मुद्दा राजनीतिक और शैक्षणिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।