छतरपुर में एक दर्दनाक हादसे में लेंटर तोड़ने का काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
छतरपुर में एक मकान का लेंटर तोड़ने के दौरान देवेंद्र नामक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। बताया गया कि वह अपने साथी विशाल प्रजापति के साथ मशीन से लेंटर तोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने पास लगी एक डोरी को पकड़ा और अचानक करंट लगने से वहीं तड़पकर गिर पड़ा।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि युवक डोरी पकड़ते ही करंट की चपेट में आ जाता है। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने फावड़े की मदद से उसे करंट से अलग किया और तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साथी विशाल प्रजापति ने बताया कि देवेंद्र अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत होने के कारण काम पर आया था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।वहीं साथी मजदूरों का कहना है कि घटना से पहले बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। ऐसे में उनका सवाल है कि यदि करंट काट दिया गया था, तो फिर करंट आया कहां से? यह सवाल अब जांच का विषय बन गया है।फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा बिजली विभाग की लापरवाही, तकनीकी खामी या किसी अन्य कारण से हुआ।


