नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, शहर में आवागमन सुगम बनाने के लिए बनेगा नया बाईपास मार्ग
छतरपुर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बस स्टैंड, शांति तालाब और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। नगर पालिका की अतिक्रमण प्रभारी आमिर खान के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाकर करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।नगर पालिका के अनुसार शांति तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान एक महत्वपूर्ण मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। इससे अब आम नागरिकों को तालाब तक पहुंचने में सुविधा होगी और क्षेत्र का विकास कार्य भी बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सकेगा।
कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्गों और पुरानी सराय के पास बनी अवैध गुमटियों को भी हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि इन अतिक्रमणों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।नगर पालिका की अतिक्रमण प्रभारी आमिर खान ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र की जिस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, उसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। यह अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यावसायिक दृष्टि से कीमती भूमि है, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा था।उन्होंने बताया कि कब्जा हटाए जाने के बाद संबंधित स्थान पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए तत्काल बाईपास मार्ग विकसित किया जा रहा है। दोनों ओर से रास्ते खोले जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि बस स्टैंड परिसर में स्थित यात्री प्रतीक्षालय और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।नगर पालिका ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बाइट : आमिर खान, नपा अतिक्रमण प्रभारी