- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी जिले को दी विकास की ढेरों सौगातें
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी जिले में ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन’ को किया संबोधित
- मुख्यमंत्री भू अधिकार पत्रों का भी किया वितरण
भोपाल/निवाड़ी। 10 जून की तारीख हिंदुस्तान नहीं, दुनिया के इतिहास में बहनों के सशक्तिकरण के लिए लिखी जाएगी। 10 जून से हर महीना एक हजार रुपये बहनों के खातों में आएंगे। यह रुपये मेरे गरीब बहनों के छोटे.मोटे कामों के लिए वरदान बन जाएंगे। पूरे प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख बहनों ने फॉर्म भरे हैं। बहनों को सशक्त करने के लिए ही हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई है। उक्त बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी जिले के लड़वारीखास में कहीं। बुधवार को वे यहां लाड़ली बहना महासम्मेलन, आवासीय भू अधिकार पत्रों का वितरण करने पहंुचे थे। इस दौरान सीएम ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
लर्न एंड अर्न से युवाओं का बदलेगा भाग्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने कैबिनेट बैठक में ’मुख्यमंत्री युवा सीखो-कमाओ योजना लांच’ की है। अब युवा काम सीखेंगे भी और कमाएंगे भी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 1 लाख से भी अधिक सरकारी पदों पर नौकरियां दे रहे हैं, लेकिन सबको सरकारी नौकरी दे पाना संभव नहीं होता। स्वरोजगार के क्षेत्र में भी कई संभावनाएं हैं। इस योजना के तहत हमने 700 काम चिन्हित किए हैं। आवेदन करने वाले युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में काम सीखने भेजा जाएगा। काम सीखने के बदले उन्हें हर महीने 8 से 10 हजार रुपए महीना दिया जाएगा। जो बच्चे काम सीखेंगे बच्चे 12वीं पास है उन्हें ₹8,000, आईटीआई उत्तीर्ण है उन्हें ₹8,500 और जिन्होंने डिप्लोमा या बीए किया है उन्हें ₹9, 000 प्रति माह स्टाइपेंड दिया जएगा। इससे अधिक ऊंची डिग्री धारक बच्चों को ₹10,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
ओरछा में रामराजा लोक बनाएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि श्री महाकाल महालोक के बाद अब ओरछा में रामराजा सरकार का भव्य लोक बनाया जाएगा। जुलाई में ओरछा में कॉलेज भी शुरू कर दिया जाएगा।
निवाड़ी को देंगे सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि हर घर में नल पहुंचाया जा रहा है। जल्द ही पूरे प्रदेश के गांव-गांव के घर-घर में नल का पानी पहुंचने लगेगा। अचरू माता परिसर को भी भव्य बनाया जाएगा। युवाओं को रोजगार की संभावनाएं और बढ़ें इसके लिए ‘जेर’ मैं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। यहां कारखाने लगाए जाएंगे। बिजली के बिलों के समाधान के लिए हर जिले के हर गांव में प्रभारी मंत्री के निर्देशन में समाधान शिविर लगाये जायेंगे। बिलों की जांच करावा कर समाधान निकाला जाएगा।
शिवराज अन्नदाता के साथ, फसल ऋण का ब्याज माफ
मुख्यमंत्री ने ने पृथ्वीपुर में मुख्यमंत्री ब्याज माफी योजना के अंतर्गत हितग्राही किसान मथुरा प्रसाद और काशीराम अहिरवार का आवेदन भरा।
लाड़ली बहना सेना बनाएंगे
सीएम शिवराज ने कहा कि हर गांव में लाड़ली बहना सेना बनाई जाएंगीं। छोटे गांव में 11 बहनों की और बड़े गांव में 21 बहनों की सेना बनेगी। ये सेना महिला कल्याण के काम आगे बढ़ाने का काम करेगी।
हर महीने 10 हजार कमाएंगी बहनें
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर बहन की आमदनी प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रूपये हो, इसके लिए महिला स्व-सहायता समूह बनाए जा रहे हैं। ऐसे में बहनें घर में ही रहकर काम धंधे कर रही हैं। उन्हें आगे भी नए काम दिये जाएंगे।
बेटियों से दूर हुआ भेदभाव
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं बचपन से देखता था कि बहन और बेटी के साथ न्याय नहीं होता, ये भेदभाव मुझे तकलीफ देता था। भेदभाव के कारण ऐसी स्थिति आ गई कि बेटों की संख्या ज्यादा हो गई और बेटियों की संख्या कम रह गई। हालत ऐसी हो गई कि एक हजार बेटों पर 900 बेटियां ही रह गईं। ये चीज मन में दर्द पैदा करती थी। जब मैं मुख्यमंत्री बना तो तय किया कि मध्य प्रदेश की धरती पर पैदा होने वाली हर बेटी लखपति पैदा होगी। हमारी सरकार ने तय किया कि बेटी के पैदा होते ही उसके नाम से ₹30 हजार जमा कर देंगे और योजना को बेटी की पढ़ाई से भी जोड़ दिया। बेटी पांचवी पास करके छठवीं में जाएगी तो ₹2 हजार, आठवीं से नौवीं में जाएगी तो ₹4 हजार, 11वीं और 12वीं 6-6 हजार रुपये, कॉलेज में जाने पर साढ़े 12 हजार और कॉलेज पास करने पर साढ़े 12 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस योजना का परिणाम है कि आज मप्र की धरती पर 44 लाख 90 हजार लाड़ली लक्ष्मी बेटियां हो गई हैं। अब सरकार ने एक और निर्णय लिया है अब मेडिकल, इंजीनियरिंग की पढ़ाई करेगी तो फीस हमारी सरकार भरवाएगी।
बेटियों की शादी करवाकर 49 हजार रूपये दे रहे
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले शादी की चिंता के कारण कई लोग बेटी का जन्म नहीं होने देना चाहते थे। जब मैं मुख्यमंत्री बना तो तय कर दिया कि प्रदेश की धरती पर गरीब बेटियों की शादी हमारी सरकार कराएगी। बेटी बोझ न बने इसलिए हमने बनाई मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना। अब किसी को गरीब बिटिया की शादी करने की चिंता करने की जरूरत नहीं है, अब सरकार बेटियों की शादी कराएगी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मध्य प्रदेश में हजारों शादियां एक साथ हो रही हैं। अब ₹49 हजार रुपये का चेक सीधे बेटियों के बैंक खातों में जा रहे हैं।
राजनीति रूप से सशक्त हुई महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने स्थानीय चुनाव में यह भी तय किया कि आधी सीटों पर भैया चुनाव नहीं लड़ सकते, वहां बहनें चुनाव लड़ेंगी। आज बहनें बड़े-बड़े पदों पर बैठकर सरकार चला रही हैं। यह महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण है।
रजिस्ट्री में छूट देकर बहनों को मालकिन बनाया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में बहन-बेटी के नाम पर जमीन-भवन खरीदने पर रजिस्ट्री में केवल एक प्रतिशत ही राशि लग रही है। यह नियम के बनने के बाद बहनों के नाम जमीन खरीदी जाना शुरू हो गई। बहन घर, जमीन की मालकिन बन रही हैं। प्रधानमंत्री जी ने भी तय कर दिया कि प्रधानमंत्री योजना में मकान पति-पत्नी दोनों के नाम किया जाएगा।
मेडिकल में 5 प्रतिशत आरक्षण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और बीडीएस की 5 प्रतिशत सीटें रिजर्व आरक्षित रहेंगी।
हर गरीब को मिलेगा प्लॉट, घर बनाकर देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गरीबों के पास रहने के लिए जमीन नहीं हैं उन सभी परिवारों मकान बनाने के लिए फ्री में प्लॉट दिए जाएंगे। बाद में घर बनाने के लिए भी सरकार मदद करेगी।
सीएम राइज से गरीबों के बच्चों में मिलेगी अच्छी शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों के बेटा बेटियों को पढ़ने के लिए अच्छे स्कूलों की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश भर में सीएम राइज़ स्कूल बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ऐसे परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में परेशानी न हो इसलिए मेडिकल की पढ़ाई भी हिंदी में होगी।
’मुख्यमंत्री-जनसेवा-अभियान 2’ में दी जा रही कई सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ’मुख्यमंत्री-जनसेवा-अभियान 2’ संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 67 सेवाएं प्रदान करने के लिए ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान चल रहा है। इस अभियान में राजस्व से लेकर दूसरे प्रशासनिक काम किये जाएंगे। इस अभियान में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जेरोन में कार्रवाई की गई थी, फिर कमी मिली तो फिर कार्रवाई की जाएगी, मैं प्रतिदिन मीटिंग कर रहा हूं। जनता को अपने गांव में ही सेवाएं मिल रही हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि बिना परेशानी और गड़बड़ी के जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो यही, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का ही उद्देश्य है। हर शिकायत का निपटारा किया जाएगा और ये भी देखा जाएगा कि जनता के कामों के कौन से आवेदनों को कौन-कौन दबाकर बैठा हुआ है। ऐसे अधिकारी, कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम ने कहा कि अविवादित जमीन के बंटवारे के कोई भी आवेदन शेष नहीं रहेंगे, सभी पूर्ण किए जाएंगे। 31 मई 2023 तक हर पंचायत और गांव में शिविर लगेंगे। इन शिविरों में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे और आपके कामों का तत्काल निराकरण किया जाएगा। जमीन के शामिल खातों को अलग-अलग करने समेत अन्य कार्यों के लिए अब आपको दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
सीएम हेल्प लाइन का भी हो रहा निराकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्प लाइन की सभी शिकायतों का भी निपटारा भी ’मुख्यमंत्री-जनसेवा-अभियान 2’ के तहत होगा। अलीराजपुर में ऐसी 227 शिकायतें लंबित हैं। प्रदेश में लंबित सभी शिकायतों का निराकरण भी किया जाएगा। सीएम शिवराज ने बताया कि इससे पहले 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का पहला चरण चलाया था। पहले चरण में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के 83 लाख वंचित पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े गए थे और जनता के लंबित आवेदनों का निराकरण किया गया था।
कांग्रेस ने योजना बंद करने का किया था महापाप
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि कांग्रेस की जब सरकार बनी तो कई योजनाएं बंद करने का महापाप किया था। उनकी सरकार बनी तो गरीबों के लिए बनी हमारी संबल योजाना जैसी कई योजनाएं बन कर दीं। हमने उन सबको दोबारा शुरू कर दिया है।