इंदौर: इंदौर के समीप वन्यजीवों का आबादी वाले क्षेत्रों में आने का सिलसिला जारी है। दो दिन पूर्व इंदौर के दतोदा गांव में एक कुएं में तेंदुआ गिरने की घटना के बाद, अब महू के पास ग्राम करौंदिया, भगोरा मार्ग पर स्थित एक बावड़ी में एक और तेंदुआ गिर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि बावड़ी में छोटे से स्थान पर तेंदुआ डरा हुआ बैठा है।यह घटना इंदौर और उसके आसपास के जंगलों में तेंदुओं की अच्छी खासी मौजूदगी को दर्शाती है।
हालांकि, आबादी वाले इलाकों के करीब इन घटनाओं का बढ़ना चिंता का विषय है, जो मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना को बढ़ाता है।वन विभाग द्वारा तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने और उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे वन विभाग के कर्मचारियों का सहयोग करें और घटनास्थल से उचित दूरी बनाए रखें।


