भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुरा में एक नाबालिग दलित छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म, हत्या एवं शव को जलाने की घटना के विरोध में आज महिला कांग्रेस कमेटी दतिया द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया। महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं दतिया-निवाड़ी प्रभारी डॉ. रचना शेरसिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए।
टाउन हॉल से किला चौक तक निकाले गए कैंडल मार्च में मृत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दोषियों को फांसी की सजा देने और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली बताते हुए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की।डॉ. रचना शेरसिंह ने कहा कि छात्रा के परिजनों द्वारा लापता होने की सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने तत्परता दिखाई होती तो संभवतः छात्रा की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।
साथ ही किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।डॉ. रचना शेर सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं तथा लगातार सामने आ रही घटनाएं चिंता का विषय हैं।