छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित गुटखा निर्माण फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई नयागांव में स्थित एक मकान में की गई, जहां लंबे समय से तंबाकू मिश्रित गुटखा बनाने का अवैध कार्य चल रहा था।कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 11 बोरी अवैध गुटखा, गुटखा बनाने में प्रयुक्त एक मशीन, भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और तैयार गुटखा जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, यहां “चाचा जी” और “आशा मास्टर जी” नाम से गुटखा तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।जांच में सामने आया है कि यह अवैध कारोबार नयागांव निवासी अरुण रिछारिया के मकान में संचालित किया जा रहा था, जबकि इसका संचालन राकेश गुप्ता नामक व्यक्ति द्वारा बीते कई वर्षों से किया जा रहा था। छापे के दौरान अंधेरे में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद हुई।
खाद्य अधिकारी बंदना जैन ने बताया कि जब्त सामग्री को जांच के लिए भेजा जा रहा है और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बाल्मिक चौबे ने कहा कि अवैध गुटखा निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।