नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी को 24 साल बाद नया अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को 6825 वोट से हरा दिया है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, खड़गे को 7 हजार 897 वोट मिले। वहीं, शशि थरूर को एक हजार 72 वोट ही मिल सके। 416 वोट रिजेक्ट कर दिए गए।
खड़गे कांग्रेस के 65वें अध्यक्ष, इस पद पर दूसरे दलित
इस चुनाव में जीत के साथ ही खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाला 65वें नेता बन गए हैं। वे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले दूसरे दलित नेता हैं। बाबू जगजीवनराम कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले पहले दलित नेता थे। आजादी के बाद 75 साल में से 42 साल तक पार्टी की कमान गांधी परिवार के पास रही। वहीं, 33 साल पार्टी अध्यक्ष की बागडोर गांधी परिवार से अलग नेताओं के पास रही।
राहुल ने कहा- खड़गेजी तय करेंगे मेरा रोल
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल ने बुधवार को आंध्र में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान जब मीडिया ने कांग्रेस में उनके भावी रोल पर सवाल किया तो राहुल ने जवाब दिया- खड़गेजी से पूछो, वही तय करेंगे मेरा रोल। हालांकि, इस बयान के कुछ मिनटों बाद ही कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर खड़गे के अध्यक्ष बनने का ऐलान कर दिया। थरूर ने भी ट्वीट कर खड़गे को बधाई दी और अपना साथ देने वालों को धन्यवाद कहा।

