पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। यह याचिका पश्चिम बंगाल में जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर दाखिल की गई है, जिसे लेकर ममता बनर्जी लगातार आपत्ति जता रही हैं।याचिका दायर करने के साथ ही ममता बनर्जी आज TMC प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए चुनाव आयोग पहुंचेंगी, जहां वह मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर अपना पक्ष रखेंगी।
मुख्यमंत्री का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का अभाव है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।इससे पहले 10 जनवरी को भी ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। उस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में SIR लागू करते समय राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी हकीकत को नजरअंदाज किया है।
ममता बनर्जी का कहना है कि इस प्रक्रिया के जरिए वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का खतरा पैदा हो सकता है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। TMC इसे राज्य के मतदाताओं के अधिकारों पर सीधा हमला बता रही है।मुख्यमंत्री की इस याचिका के बाद चुनावी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट के रुख और चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। यह मामला आने वाले चुनावों से पहले चुनावी प्रक्रिया को लेकर एक अहम कानूनी और राजनीतिक बहस का रूप ले सकता है।


