Marwahi By Election 2020: अजीत जोगी के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी, इस बार ‘Doctor’ लगाएंगे नैया पार! | raipur – News in Hindi

Marwahi By Election 2020: अजीत जोगी के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी, इस बार 'Doctor' लगाएंगे नैया पार!

उम्मीदवारों का ऐलान जल्द किया जा सकता है.(सांकेतिक तस्वीर)

छत्तीसगढ़ में होने वाले मरवाही उपचुनाव (Marwahi By Poll) के  प्रत्याशी चयन में कोरोना इफेक्ट देखने को मिल रहा है. कांग्रेस और बीजेपी ने भी अपने संभावित चेहरे तय कर लिये हैं और दोनों ही पार्टियां इस बार डॉक्टरों पर दांव आजमाने की तैयारी में है. 

रायपुर. छत्तीसगढ़ के हाईप्रोफाइल मरवाही सीट (Marwahi By Election) में होने वाले उपचुनाव में इस बार कांग्रेस (Congress) और बीजेपी (BJP) दोनों ही प्रत्याशियों के चयन में नया ट्रेंड आजमा रही है. चुनाव में इस बार नेताओं की जगह डॉक्टर चुनावी मैदान में दिखाई दे सकते हैं. सूत्रों की मानें तो दोनों ही पार्टियों के पैनल में डॉक्टरों के नाम है. कांग्रेस में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्ण कुमार ध्रुव और बीजेपी में सर्जन डॉ. गंभीर सिंह के नामों पर विचार चल रहा है. हालांकि दोनों ही पार्टियों में इनके नामों को लेकर पूरी सहमति अभी नहीं बन पाई है.

इधर, जोगी कांग्रेस में भी मरवाही उपचुनाव की कमान डॉक्टर के ही हाथों हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी डॉ रेणु जोगी यहां चुनाव प्रचार की कमान संभाल रही है जो कि मरवाही में स्वास्थ्य को लेकर काम कर चुकी हैं. बीजेपी के पैनल में डॉ गंभीर सिंह के अलावा अर्चना पोर्ते,योगेंद्र नहरेल और समीरा पैकरा का नाम शामिल है, जिसका ऐलान केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद होगा.

कांग्रेस ने किया पैनल तैयार

शुक्रवार को कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर लिया हैं. अब नामों को हाई कमान के पास भेजा जाएगा. दिल्ली में हाई कमान की हरी झंडी मिलने के बाद ही नाम की घोषणा होगी. चुनाव समिति की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस की मरवाही उपचुनाव को लेकर पूरी तैयारी है. यह परंपरागत रूप से कांग्रेस की सीट है. हम प्रचंड बहुमत से मरवाही की सीट जीतेगे. अमित जोगी के चुनाव नहीं लड़ने देने को लेकर सीएम बघेल ने कहा कि सरकार किसी को चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती है. जिसके पास सर्टिफिकेट है वो लड़ेगा चुनाव. जिसके पास नहीं होगा वो नहीं लड़ेगा और आगे निर्वाचन आयोग तय करेगा.ये भी पढ़ें: Ram Vilas Paswan Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए रामविलास पासवान, नम आंखों से बेटे चिराग ने दी अंतिम विदाई

10 नवंबर को नतीजे

बता दें कि मरवाही सीट पर 3 नवंबर को मतदान होगा. तो वहीं 10 नवंबर को मतों की गणना की जाएगी. चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, 16 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख होगी. 19 अक्टूबर तक नामांकन वापसी की प्रकिया की जाएगी. 286 मतदान केन्द्रों में वोट पड़ेंगे. कुल 126 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं. निर्वाचन आयोग के निर्देश के मुताबिक, कोरोना महामारी के कारण मतदान केन्द्र में अधिकतम मतदाताओं की संख्या 1 हजार तक होगी. सभी मतदान केन्द्रों को मतदान के एक दिन पहले सैनिटाइज किया जाएगा. मतदाताओं की पहचान मतदाता फोटो परिचय पत्र और आयोग द्वारा मान्य किए गए दस्तावेजों के माध्यम से होगी. सभी मतदान केन्द्रों में हाथ धोने के लिए साबुन और पानी की व्यवस्था रहेगी. मतदान केन्द्र में घुसने से हाथों को सैनिटाइज करने के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी. मतदान केन्द्र में प्रवेश से पहले थर्मल स्कैन किया जाएगा. मतदान के लिए कतार में लगे मतदाताओं को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा. मतदान करने वाले हर मतदाता को मास्क पहनना अनिवार्य होगा.




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here