बम्होरी पुरवा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग: किराना दुकान समेत दो कच्चे घर जलकर खाक, लाखों का नुकसान

छतरपुर जिले के जुझार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्होरी पुरवा में दोपहर के समय शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे एक किराना दुकान सहित दो कच्चे मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों के अनुसार दुकान में लाखों रुपये का सामान रखा था, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।घटना से पीड़ित परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के मुखिया की कोरोना काल में मौत हो चुकी है और घर की जिम्मेदारी मां के कंधों पर थी। ऐसे में यह हादसा परिवार के लिए “गरीबी में आटा गीला” जैसी स्थिति बन गया है।

आग की चपेट में चम्पा शिवहरे, राम अवतार शिवहरे और लालू शिवहरे के घर आए, जहां किराना दुकान का सामान और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों के प्रयासों के बावजूद आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजकुमार यादव मौके पर पहुंचे और दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पटवारी द्वारा पंचनामा तैयार कर लिया गया है और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here