भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आज मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद के नेतृत्व में प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान पेंशनर्स के हितों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के निराकरण को लेकर चर्चा हुई। एसोसिएशन के सदस्यों ने विगत 25 वर्षों से लंबित महंगाई राहत के संबंध में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति से सकारात्मक समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनर्स के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


