छतरपुर। सामाजिक समरसता, एकता और राष्ट्रवाद के संदेश के साथ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रथयात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रथयात्रा के समानांतर सनातनियों की पदयात्रा भी जारी है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। सड़कों पर उमड़ रही भीड़ और महाराज श्री की एक झलक पाने के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे लोगों के कारण यात्रा को लेकर व्यापक जनउत्साह नजर आ रहा है।बागेश्वर महाराज ने अपने संदेश में सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए लोगों से जातिवाद की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भेदभाव दूर कर एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। उनका संदेश है कि समाज को बांटने वाली प्रवृत्तियों के बजाय राष्ट्र को जोड़ने वाले विचारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।महाराज श्री के संदेश में सामाजिक एकता और समरसता को विशेष महत्व दिया जा रहा है। उनके विचारों के अनुरूप जातिगत भेदभाव को समाप्त कर समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। सामाजिक समरसता को समाज की मजबूती और सामूहिक प्रगति का आधार बताते हुए लोगों से एकजुट रहने की अपील की जा रही है।बागेश्वर धाम के सेवादार पन्ना निवासी नीशु नायक ने बताया कि रथयात्रा के समानांतर निकल रही सनातनियों की पदयात्रा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हजारों की संख्या में लोग सड़क पर उतरकर यात्रा में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। रथयात्रा में शामिल होने के साथ-साथ लोग महाराज श्री के दर्शन करने के लिए भी पहुंच रहे हैं। बागेश्वर महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था यात्रा मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है।रथयात्रा और पदयात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, जातिगत भेदभाव से मुक्ति और राष्ट्रहित के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। रथ यात्रा की झलकियां……बागेश्वर महाराज की नसीहत -सोशल मीडिया सुंदर दिखाता है समझदार नहीं।लव जिहाद से सावधान रहें। वरना बाद में होगा पछतावा अपने बच्चों को कार, व्यापार भले ही न दें मगर संस्कार जरुर दें ।अगड़े पिछड़े की लड़ाई खराब कर रही सामाजिक ताना-बाना।जातिवाद का जहर हिंदू ही हिंदू को बांट रहा।सलमान ने कहा – हम महाराज जी की शक्तियों को प्रणाम करते हैं सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा जब अजयगढ़ पहुंची तो यहां के मुस्लिम समाज ने बागेश्वर महाराज का आगे बढ़कर स्वागत किया। समाज के सदस्य सलमान खान करीब एक सप्ताह तक हिंदू एकता रथ यात्रा में शामिल होने का प्रचार प्रसार अपने रिक्शा के माध्यम से करता रहा। सलमान ने कहा कि उनके मजहब में अल्लाह के अलावा किसी के सामने सर नहीं झुकाया जाता लेकिन हम सब बागेश्वर महाराज की शक्तियों को प्रणाम कर रहे हैं, क्योंकि महाराज श्री में दिव्य शक्तियां मौजूद है। मंच पर एक नजर यह भी देखने को मिला कि मुस्लिम समाज की उपस्थिति में ही महाराज श्री ने बेटियों से लव जिहाद में न फसने का आग्रह किया।सरपंचों से कहा अपने गांव को नशा मुक्त करें बागेश्वर महाराज 5 दिवसीय रथ यात्रा के माध्यम से केवल सनातन का संदेश नहीं दे रहे बल्कि समाज में फैली बुराइयों के प्रति भी लोगों को सचेत कर रहे हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने आसपास के जो भी गांव मिल रहे हैं उनके सरपंचों से कह रहे हैं कि वह अपने गांव को नशा मुक्त करें। महाराज श्री का कहना है कि नशा परिवारों को खत्म करने के साथ ही पीढ़ियों को बर्बाद कर रहा है।जगह-जगह हो रहा स्वागत, बुलडोजर से सनातनी कर रहे पुष्प वर्षानीशु नायक ने बताया कि सुबह 9 बजे राष्ट्रगान और सात वचनों के संकल्प के साथ दूसरे दिन की रथ यात्रा रघुलीला मैरिज गार्डन से रवाना हुई। पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सदानंद गौतम, वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच सहित स्थानीय नागरिकों ने पुष्प माला से स्वागत किया। पन्ना के अजयगढ़ चौराहा, कचहरी चौराहा, पंचम सिंह चौराहा, जुगल किशोर मंदिर के पास, गांधी चौक, आगरा मोहल्ला, डायमंड चौक से होते हुए यात्रा का स्वागत तारा, झरकुआ आदि ग्रामों में हुआ। अमानगंज में बुलडोजर से पुष्प वर्षा की गई।


