छतरपुर। मध्य प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अब जनप्रतिनिधियों का सीधा समर्थन मिलने लगा है। टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने श्रमजीवी पत्रकार संघ की मांग को जायज ठहराते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कानून लागू करने की मांग की है।
गौरतलब है कि मुरैना में आयोजित प्रदेश अधिवेशन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा अध्यक्ष की उपस्थिति में संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया को पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने का आश्वासन दिया था। इसी मांग को लेकर संघ ने एक मई मजदूर दिवस पर भोपाल में बड़ा आंदोलन किया था।
इसी कड़ी में 27 सितंबर को टीकमगढ़ में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की विशेष उपस्थिति में आयोजित सम्मेलन में यह मांग फिर दोहराई गई। कार्यक्रम में विधायक हरिशंकर खटीक ने मंच से पत्रकारों की सुरक्षा के मुद्दे का समर्थन किया और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश में अविलंब पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की अनुशंसा की।उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ प्रदेश का एकमात्र ऐसा संगठन है जिसकी सदस्य संख्या 10 हजार से अधिक है और इसकी इकाइयां ब्लॉक स्तर तक गठित हैं।