मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में क्षेत्र क्रमांक-4 की भाजपा विधायक मालिनी गौड़ ने शासकीय शारदा कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें स्वयं के प्रति जागरूक रहने के साथ ही अपनी सुरक्षा और अधिकारों को लेकर सजग रहने के टिप्स दिए, विधायक ने छात्राओं को जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी परिस्थिति में अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, इस दौरान विधायक मालिनी गौड़ से क्षेत्र में पानी और ड्रेनेज की समस्या के निराकरण को लेकर आयोजित बैठक में शामिल नहीं होने के संबंध में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने दो टूक अंदाज में अपनी बात रखी। विधायक ने कहा कि जब वे पहले भी कई बैठकों में पानी और ड्रेनेज की समस्याओं को लेकर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन उनका निराकरण नहीं होता, तो फिर ऐसी बैठकों में जाने का क्या औचित्य है। मालिनी गौड़ ने कहा कि बैठकों में शामिल होने और बार-बार शिकायतें करने के बावजूद यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तो केवल बैठक में जाने से क्या फायदा होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वे पहले भी अपनी बात रख चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनकी नाराजगी सामने आई है। विधायक ने यह भी कहा कि समय आने पर वे उचित फोरम पर अपनी बात रखेंगी। उनके इस बयान से पानी और ड्रेनेज की समस्या को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हो रही कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं।बएक ओर भाजपा विधायक मालिनी गौड़ छात्राओं को जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश देती नजर आईं, वहीं दूसरी ओर जनसमस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित बैठक से दूरी बनाने पर उनका बयान राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन सकता है।
बाइट – मालिनी गौड़ , बीजेपी विधायक


