माता रतनगढ़ मेले में सक्रिय जेबकतरा मां-बेटा गिरफ्तार, 70,500 रुपये नकद और अपाचे बाइक बरामद

दतिया। माता रतनगढ़ मेले में श्रद्धालुओं की जेब पर हाथ साफ करने वाले शातिर जेबकतरा गिरोह के दो सदस्यों को थाना अतरेटा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी मां-बेटे हैं, जो मेले की भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब काटने और नकदी चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70,500 रुपये नकद तथा लगभग 1.20 लाख रु, कीमत की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक दतिया मयूर खंडेलवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला एवं एसडीओपी सेवढ़ा अजय चानना के मार्गदर्शन में थाना अतरेटा पुलिस ने 29 जून 2026 को यह कार्रवाई की। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि माता रतनगढ़ मेले में कुछ संदिग्ध लोग सक्रिय होकर श्रद्धालुओं की जेब काट रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र संजय सिंह परिहार एवं उसकी मां रानी पत्नी संजय सिंह परिहार निवासी आर्य नगर, जिला भिंड के रूप में हुई है।

दोनों का मूल निवास ग्राम सीतामऊ, जनपद कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश) बताया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूर्व में भी जेबकतरी और चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार आरोपियों से बरामद 70,500 रुपये की नकदी में पहले की चोरी की घटनाओं से प्राप्त रकम भी शामिल है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं या नहीं तथा उन्होंने अन्य जिलों और मेलों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

दतिया पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है। अन्य राज्यों और जिलों की पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों का पता लगाया जा सके। संभावना है कि पूछताछ में कई और चोरी एवं जेबकतरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है।पुलिस ने माता रतनगढ़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि उनके साथ मेले या किसी अन्य स्थान पर जेबकटाई अथवा चोरी की घटना हुई है, तो वे बिना देर किए थाना अतरेटा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएं। इससे बरामद नकदी और अन्य सामान की पहचान कराने के साथ आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here